रीवा जिले के बिछिया थाना अंतर्गत लोही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने 50 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला का गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे खेत में फेंक दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घर के अंदर की हत्या, बाहर मिला शव
मृतका की पहचान 50 वर्षीय लीलावती पटेल के रूप में हुई है, जो घर में अकेले रहकर मजदूरी कर जीवन यापन करती थीं। बताया जा रहा है कि रविवार रात महिला अपने घर में सो रही थीं, तभी अज्ञात आरोपी घर में घुस आए और धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी शव को घर के पीछे झाड़ियों में फेंक गए, जबकि महिला का कटा हुआ सिर घटना स्थल से करीब 30 मीटर दूर गेहूं के खेत में मिला।
सुबह खुला मामला, खून से सना मिला कमरा
सोमवार सुबह काफी देर तक महिला के बाहर न आने पर ग्रामीणों को शक हुआ। जब लोग घर पहुंचे तो कमरे के अंदर खून फैला हुआ था। घर के पीछे महिला का शव देखकर लोगों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर के अंदर खून के निशान मिलने से हत्या घर के भीतर ही किए जाने की आशंका जताई जा रही है। करीब 2 घंटे बाद पुलिस ने महिला का कटा हुआ सिर भी खेत से बरामद कर लिया।
आरोपियों की तलाश तेज
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संदिग्धों को चिन्हित कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।






