रीवा शहर में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया जब सिरमौर चौराहे से शुरू हुआ दो पक्षों का विवाद बिछिया थाना क्षेत्र तक पहुंच गया। इस दौरान कार सवार युवक एक-दूसरे का पीछा करते हुए न सिर्फ वाहनों से टक्कर मारते रहे, बल्कि दनादन फायरिंग भी की। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे जेल मार्ग के आसपास दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क पर गैंगवार जैसी स्थिति में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 4 से 5 राउंड फायरिंग हुई। घटना में शामिल एक कार पर गोलियों के निशान मिले हैं, जबकि अन्य वाहनों में तोड़फोड़ और क्षति के साक्ष्य मिले हैं।
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति को मामूली चोट भी आई है। उसने दावा किया कि गोली उसके कंधे को छूते हुए निकल गई, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तीन वाहन जब्त आरोपी फरार
घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों से तीन वाहनों को जब्त किया है। इनमें एक कार में गोली लगने के निशान पाए गए हैं, जबकि अन्य वाहनों के शीशे टूटे हुए मिले हैं। घटना में शामिल आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि मामला दो पक्षों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। पहले सिरमौर चौराहे पर विवाद हुआ, जिसके बाद बिछिया क्षेत्र में कार पर फायरिंग की घटना सामने आई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
कानून व्यवस्था पर?
फिलहाल बिछिया थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शहर के बीचों बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।






