रीवा। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तीन बच्चों की 36 वर्षीय मां सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ वर्षों से सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय थी। परिवारजनों के अनुसार वह घंटों मोबाइल पर व्यस्त रहती थी और इसी दौरान उसकी कई लोगों से बातचीत शुरू हुई। बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदली और फिर कथित रूप से प्रेम संबंध में बदल गई।
पति मुंबई में करता है मजदूरी
गुमशुदा महिला के पति रामजस साकेत ने बताया कि वह मुंबई में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने लगी थी। पति ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े किसी युवक के साथ चली गई है।
रामजस साकेत ने 7 फरवरी को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परेशान होकर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जल्द खोजबीन की मांग की।
बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
महिला के घर छोड़ने के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। पति ने पुलिस अधिकारियों से अपील की है कि उसकी पत्नी को जल्द से जल्द दस्तयाब किया जाए, ताकि बच्चों को मां का स्नेह मिल सके।
पुलिस का क्या कहना है?
मामले में आरती सिंह (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रीवा) ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और महिला की तलाश के लिए टीम सक्रिय है। मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया कनेक्शन की जांच की जा रही है।






