रीवा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाह में शहर की सड़कों पर अश्लील हरकत करना चार नाबालिगों को भारी पड़ गया। अमहिया थाना क्षेत्र में दो बाइकों पर सवार होकर शहर की मुख्य सड़कों पर महिलाओं और युवतियों के पास जाकर अश्लील आवाजें निकालने और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का मामला सामने आया है।
रील वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे लेकर नाराजगी जताई और पुलिस पर सवाल खड़े किए। मामला संज्ञान में आते ही अमहिया पुलिस ने साइबर टीम की मदद से वीडियो अपलोड करने वाले किशोर की पहचान की और चारों अपचारी बालकों को हिरासत में ले लिया।
शर्मिंदगी में झुका सिर
थाने में परिजनों को बुलाकर वायरल रील की आवाज सुनाई गई। इस दौरान चारों किशोर शर्मिंदगी में सिर झुकाए नजर आए।
कड़ी समझाइस के बाद छोड़ा
मामले में जानकारी देते हुए अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने बताया कि सभी अपचारी बालकों को कड़ी समझाइश दी गई है। भविष्य में इस तरह की हरकत न करने का आश्वासन लेने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि लाइक्स और कमेंट के लिए इस तरह का आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट न करें और सामाजिक व कानूनी मर्यादाओं का पालन करें।






