रीवा जिले के एसएफ मैदान में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। जैसे ही तिरंगा फहराया गया, पूरा मैदान देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

समारोह के दौरान पुलिस बल एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। अनुशासित कदमताल और जोश से भरी परेड को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

ध्वजारोहण के पश्चात प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने देश की आज़ादी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि “शहीदों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हमारा देश स्वतंत्र, सशक्त और लोकतांत्रिक है।”

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री का संदेश वाचन किया, जिसमें प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और भविष्य की दिशा को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा मैदान राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन जिले में एकता, अनुशासन और देशभक्ति का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।






