सतना जिले के चित्रकूट में कांग्रेस के दिग्गज नेता, और चित्रकूट विधानसभा के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी के घर में, काम करने वाली युवती ने पिस्टल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। जिस पिस्टल से युवती ने स्वयं को गोली मारी है, उस पिस्टल का लाइसेंस पूर्व विधायक के नाम पर है। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच कर सबूत इकट्ठे किए। चित्रकूट पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर घटना से जुडे हर पहलुओं की जांच की जा रही है।
सतना के चित्रकूट में कांग्रेस के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी के घर में 24 साल की युवती ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि कुमारी सुमन निषाद नाम की यह युवती चतुर्वेदी के घर में काम करती थी। घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सुमन ने तीसरी मंजिल के बाथरूम में पूर्व विधायक की लाइसेंसी पिस्टल से अपने दाहिने कान के ऊपर कनपटी में गोली मारी। चित्रकूट थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और घायल सुमन को जानकीकुंड अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गहन जांच के लिए नयागांव थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर सुमन ने यह कदम क्यों उठाया। मृतक सुमन का परिवार कटरा गुदर, थाना कोतवाली कर्बी, चित्रकूट की रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक सुमन की मां भी पिछले कई सालों से नीलांशु चतुर्वेदी के घर में खाना बनाने, बर्तन धोने और कपड़े साफ करने का काम कर रही है। सुमन निषाद की मां सुबिया ने बताया कि हम लोगों ने काम किया, साथ खाना-पीना खाया और बैठे थे। तभी वह अचानक उठकर बाथरूम चली गई, उसके हाथ में बंदूक रही होगी जो मार ली। उन्होंने कहा कि नीलांशु की बेटी नहीं है, वे मेरी बेटी को अपनी बेटी जैसा मानते थे, वही खिलाते-पिलाते रहे हैं, तिलक भी करवाया उसका, और शादी भी होने वाली थी।






