रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र में होली का त्योहार उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
लाठी डंडे से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी पुरानी रंजिश या कहासुनी को लेकर करीब आधा दर्जन लोगों ने युवक को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोटों के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।






