रीवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर रीवा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भव्य समारोह में भैरवनाथ लोक मंदिर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पहुंचकर भगवान भैरवनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर शिखर पर ध्वज चढ़ाया।
गुढ़ के समीप ग्राम खामडीह में स्थित भैरव बाबा की यह विशाल प्राचीन प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। यह प्रतिमा दुर्लभ शयन मुद्रा में स्थापित है और स्थापत्य की दृष्टि से इसका निर्माण लगभग 10वीं शताब्दी का माना जाता है। वर्षों तक यह प्रतिमा खुले आसमान के नीचे स्थित रही।
आस्था, इतिहास और पर्यटन का संगम
गुढ़ की पहाड़ी पर स्थित भैरवनाथ मंदिर परिसर को आस्था, इतिहास और पर्यटन का संगम माना जाता है। बीते दो वर्षों से इस परिसर के विकास का कार्य निरंतर जारी रहा। यहां एक ही पत्थर से तराशी गई 32 फीट लंबी और 15 फीट चौड़ी भैरवनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापित है, जो अपनी विशालता और प्राचीनता के कारण विशेष महत्व रखती है।

पहले जहां प्रतिमा खुले आसमान के नीचे थी, वहीं बाद में सेड निर्माण किया गया और फिर मंदिर का स्वरूप दिया गया। अब शासन की एलएडी योजना के तहत मंदिर का जीर्णोद्धार और नवीन निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
1.80 करोड़ की लागत से हुआ भव्य निर्माण
भैरवनाथ लोक मंदिर के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत आई है। शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदिर का लोकार्पण कर इसे श्रद्धालुओं और आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






