रीवा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान बदहाल सड़कों और आवागमन की मुश्किलों की तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। लालगांव क्षेत्र के बडरा गांव के स्कूली बच्चे सड़क की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। बच्चों ने कलेक्टर के सामने अपनी परेशानी रखते हुए गांव में सड़क निर्माण की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान जब कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के कलेक्ट्रेट पहुंचने की जानकारी मिली, तो वे खुद बच्चों से मिलने बाहर आए। कलेक्टर ने बच्चों और ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानीं।
बच्चों ने कहा- साहब, रोड बनवा दीजिए
बच्चों ने बताया कि गांव में सड़क की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें स्कूल आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान रास्ते की स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है। बच्चों ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए कहा कि “साहब, रोड बनवा दीजिए।”
बताया गया कि बडरा गांव के बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान नदी और खराब रास्ते पार करने की तस्वीरें पहले भी सामने आती रही हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बच्चों की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और मौके का निरीक्षण कर सड़क की समस्या के संभावित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ नई बसाहटें विकसित हुई हैं, जहां पहुंच मार्ग की समस्या बनी हुई है। ऐसी समस्याओं का जल्द निराकरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अब देखना होगा कि कलेक्ट्रेट पहुंचकर सड़क की गुहार लगाने वाले इन नन्हे बच्चों की मांग पर जमीनी स्तर पर सड़क निर्माण की कार्रवाई कितनी जल्दी शुरू होती है।






