भोपाल। भारतीय सिंधु सभा एवं सिंधी मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन सभागार में प्रांतीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे 480 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विधायक भगवानदास सबनानी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल, मां सरस्वती एवं संत शिरोमणि हिरदाराम साहिब जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
480 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह में 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ कॉलेज स्तर पर डिग्री प्राप्त करने वाले तथा प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों में उपलब्धियां और पदक हासिल करने वाले 480 से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, विधायक भगवानदास सबनानी, शैक्षणिक सलाहकार एवं मनोवैज्ञानिक कला मोहन, राजगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, डीआरएम जबलपुर कमल तलरेजा एवं सिंधी साहित्य के निर्देशक राजेश वाधवानी सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है’
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह लोधी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य हासिल करने की जिद के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को दिया जाने वाला यह सम्मान और प्रमाण पत्र उन्हें भविष्य में अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रेरित करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

शिक्षा, साहित्य, कला और खेल में भी समाज का नाम रोशन
समारोह के अध्यक्ष विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि भारतीय सिंधु सभा एवं सिंधी मेला समिति द्वारा आयोजित प्रांतीय प्रतिभा सम्मान समारोह समाज के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दुनिया में समाज की नई पहचान स्थापित होती है।

सबनानी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सिंधी समाज की प्रतिभाओं का एक मंच पर जुटना इस बात का प्रमाण है कि समाज के लोग अब केवल व्यापार के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि शिक्षा, साहित्य, कला, खेल और अन्य क्षेत्रों में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए भारतीय सिंधु सभा एवं सिंधी मेला समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यार्थियों को दिया करियर और सफलता का मंत्र
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शैक्षणिक सलाहकार एवं मनोवैज्ञानिक कला मोहन तथा राजगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उच्च पदों पर पहुंचने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेशभर से भोपाल पहुंचे समाज के लोग
प्रांतीय स्तर पर आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह में इंदौर, जबलपुर, कटनी, रतलाम, इटारसी, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), विदिशा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से सिंधी समाज के लोग भोपाल पहुंचे। कार्यक्रम में भारतीय सिंधु सभा के प्रदेश अध्यक्ष गुलाब ठाकुर, सिंधी मेला समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी, नरेश तलरेजा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में महेश थारवानी, केएल दलवानी, ठाकुर पंजवानी, मनोहर ममतानी, किशोर तनवानी, मोहित शेवानी, हरि रोहरा, सीमा सबनानी, शकुन देवराख्यानी, मीना भागचंदानी, भावना लालवानी, किरण वाधवानी, रितिका बालानी, सिया आसुदानी, दीपाशी सबनानी और पूजा भाटिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अनिता लाला एवं भावना जगवानी ने किया।






