मऊगंज जिले में भाजपा विधायक से जुड़े जमीन विवाद ने अब राजनीतिक के साथ-साथ जातिगत रंग भी ले लिया है। 3 जनवरी को मऊगंज बाईपास क्षेत्र में दो कांग्रेस नेताओं के बीच चल रहे जमीनी विवाद के दौरान उस वक्त स्थिति बिगड़ गई, जब मऊगंज भाजपा विधायक एक पक्ष के समर्थन में विवादित भूमि पर धरने पर बैठ गए।
धरने के बाद दूसरा पक्ष उग्र हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर कुछ लोगों ने आत्मदाह का प्रयास तक कर लिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने विधायक को वहां से हटाया।
विधायक के निज सचिव की शिकायत पर मामला दर्ज
घटना के बाद भाजपा विधायक के निज सचिव रामानंद पटेल की शिकायत पर पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान शनिवार को पुलिस ने ढढनी हेडवार और घुरेहटा गांव में दबिश देकर 8 लोगों को गिरफ्तार किया।
यह लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने अनिल पांडेय उर्फ लल्लू, रोहित तिवारी, हरिओम शुक्ला, आशीष द्विवेदी, अर्पित पांडेय, अजीत पांडेय, संदीप पांडेय और गौरव तिवारी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी के बाद गरमाई राजनीति
गिरफ्तारी के बाद जिले की सियासत और ज्यादा गरमा गई है। गिरफ्तार अनिल पांडेय उर्फ लल्लू ने भाजपा विधायक पर जातिवाद का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मऊगंज जिले में ब्राह्मण होना अब अभिशाप बन गया है। शासन-प्रशासन ने एक जनप्रतिनिधि के दबाव में घुटने टेक दिए हैं।”
जमीन को लेकर फर्जी मुकदमों का आरोप
अनिल पांडेय का दावा है कि विवादित जमीन ब्राह्मण समाज की थी, जिस पर जबरन कब्जे की नीयत से फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें घर से बिना स्पष्ट कारण बताए घसीटकर थाने ले गई।
सुरक्षा की मांग
गिरफ्तार आरोपी ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए शासन-प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जमीन ही चाहिए तो ले लें, लेकिन झूठे मुकदमों में न फंसाएं।
पुलिस का पक्ष
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कार्रवाई कानून के तहत की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ यह मामला अब जातिगत आरोप-प्रत्यारोप में बदल चुका है, जिससे मऊगंज जिले की राजनीति में जबरदस्त उबाल देखने को मिल रहा है।






