रीवा के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी युवक ने तेज रफ्तार बाइक पीड़ित परिवार की महिलाओं के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गई। इस घटना के बाद आरोपी जाकर डिवाइडर से टकरा कर बुरी तरह से घायल हो गया, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर सभी का इलाज चल रहा है।
पूरी घटना रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र अंतर्गत पहड़िया की है जहां बुधवार को लेकर हुआ विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमे एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। दरअसल पीड़ित परिवार के यहां 17 को वैवाहिक कार्यक्रम होना था और 14 को तिलक था। पीड़ित परिवार के यहां तिलक वाले दिन चोरी के शंका में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को इसी विवाद को लेकर पहले आरोपियों ने अनूप कुमार पाल के सिर पर पत्थर मारा जब उसके परिवार के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी ने वहां मौजूद लोगों के ऊपर तेज रफ्तार बाइक चढ़ा दी।इस घटना में श्यामकली पाल नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास ही खड़ी मृतका की नातिन रचना पाल, और सुनीता पाल गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद आरोपी अजय पाल जाकर डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह से घायल हो गया, सभी घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटना को लेकर मृतक महिला का बेटा पीड़ित आलोक कुमार पाल ने बताया कि बीती रात उसके घर में कुछ लोग घुसे हुए थे। जब इस बात की शिकायत पुलिस में की गई तो वो नाराज होकर मारपीट करने लगे। पीड़ित ने बताया कि मारपीट करने वालों में हीरालाल पाल अजय पाल उमेश पाल सहित अन्य लोग शामिल थे जो गांव के ही रहने वाले है।






