रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में बाइक में पेट्रोल भरवाने के विवाद को लेकर, पेट्रोल पंप संचालक के ऊपर तीन युवकों ने लाठी डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया, इस दौरान पेट्रोल पंप संचालक के सर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में घायल प्रतीक सिंह बघेल निवासी तिलखन ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका पेट्रोल पंप बैकुंठपुर कस्बे में संचालित है। जहां बैकुंठपुर निवासी संतोष सिंह बाइक में पेट्रोल डलवाने आए थे। और इसी दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर कहा सुनी हो गई, प्रतीक ने बताया कि जैसे ही वह पेट्रोल पंप पहुंचे, तभी संतोष सिंह सहित उनके भाई और भतीजा लाठी डंडा लेकर पहुंचे और उनके ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान प्रतीक के सर पर गंभीर चोटें आई हैं, मारपीट के बाद आरोपी फरार हो गए हैं, मामले की रिपोर्ट पीड़ित द्वारा बैकुंठपुर थाने में दर्ज कराई गई है। वहीं पेट्रोल पंप में तीन लोगों द्वारा लाठी डंडा से संचालक पर हमला किए जाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें तीन युवक पेट्रोल पंप संचालक प्रतीक सिंह बघेल पर लाठी डंडे से हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस फिलहाल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।






