रीवा | संवाददाता
रीवा में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर का एक अलग ही एक्शन अवतार देखने को मिला। आमतौर पर चैंबर में बैठकर शिकायतें सुनने की परंपरा को तोड़ते हुए कलेक्टर खुद बाहर निकलकर सीधे जनता के बीच पहुंच गए।
जनसुनवाई में घंटों से लाइन में खड़े पीड़ितों के पास जाकर कलेक्टर ने एक-एक व्यक्ति की समस्या गंभीरता से सुनी। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनसुनवाई में आने वाला कोई भी व्यक्ति बिना समाधान के वापस नहीं जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी कारणवश कार्य संभव नहीं है, तो पीड़ित को उसका ठोस और संतोषजनक कारण बताया जाए, अन्यथा पात्र मामलों का तुरंत निराकरण किया जाए। कलेक्टर की इस पहल से दूर-दराज से आए ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जगी है। लोगों ने इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।






