रीवा (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास पर रविवार को नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अब विंध्य में विकास की राजनीति ही टिकेगी और विंध्य की चर्चा भोपाल से लेकर दिल्ली तक हो रही है।
पर्यटन, उद्योग और हरित क्रांति पर जोर
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने रीवा के अमहिया स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और सरकार की योजनाओं व विंध्य के विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में पर्यटन क्रांति, उद्योग क्रांति और हरित क्रांति लाने का लक्ष्य तय किया गया है।
रीवा-सिंगरौली रेल लाइन पर युद्धस्तर कार्य
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि पहले रीवा को रेलवे का “डेड एंड” माना जाता था, लेकिन अब रीवा से सिंगरौली रेल लाइन का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद रीवा, सतना और सिंगरौली सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे, जिससे क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
रीवा में 24 घंटे विमान सेवा, विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि
डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि अब रीवा में 24 घंटे विमान सेवा की सुविधा उपलब्ध है, जो विंध्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में विकास की संभावनाएं हमेशा से रही हैं और अब सरकार उन्हें जमीन पर उतार रही है।






