भूमि नामांतरण और नक्शा तरमीम के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में लोकायुक्त रीवा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी और सर्वेयर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्होंने अपनी पत्नी श्यामवती साहू के नाम 0.091 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी, जिसके नामांतरण और नक्शा संशोधन के लिए पटवारी हंसराज पटेल द्वारा 6000 रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक, संभाग रीवा के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी द्वारा 4800 रुपए की सामूहिक रिश्वत मांगना पाया गया। सत्यापन सही पाए जाने पर आज 21 नवंबर को पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार टीम गठित की गई और दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 4800 रुपए लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया। ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक एस.राम मरावी, लोकायुक्त रीवा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार सहित 12 सदस्यीय टीम शामिल रही।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
लोकायुक्त द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






