रीवा शहर के एक प्राइवेट स्कूल में चौथी क्लास की छात्रा को होमवर्क नहीं करने के कारण टीचर ने बेरहमी से जमकर पीटा। पूरी घटना सोमवार की है, जो मंगलवार को बिछिया थाने पहुंच गई। टीचर द्वारा की गई पिटाई से छात्रा की एक आंख सूजी है, और सिर पर गंभीर चोटें आईं है। मामले में छात्रा और स्कूल प्रबंधन दोनों ने बिछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं छात्रा की शिकायत के आधार पर शिक्षिका पर केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि मैंने स्कूल संचालक और प्रिंसिपल से लगातार संपर्क कर पिटाई की वजह जानने की कोशिश की, लेकिन उल्टा स्कूल प्रबंधन ने बिछिया थाने में मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पिता ने आगे बताया कि जब स्कूल प्रबंधन ने उनकी शिकायत नहीं सुनी, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरी घटना साझा की। इसके बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं। उन्होंने कहा कि कुछ कमेंट आपत्तिजनक थे, जिसको आधार बनाकर स्कूल प्रबंधन ने अपनी करतूत छिपाते हुए मेरे खिलाफ बिछिया थाने में लिखित तहरीर दी है।छात्रा और स्कूल प्रबंधन दोनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बेरहमी से मारा आई अंदरूनी चोट
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि मुझे बहुत बेरहमी से मारा। मारा मारकर मेरा गाल लाल कर दिया। मेरे सिर पर गंभीर चोट आई है। अंदरूनी चोट लगी है, जिसकी वजह से दर्द लगातार बना रहता है। वहीं मेडिकल रिपोर्ट में भी सिर पर अंदरूनी चोट की पुष्टि हुई है।
शिक्षिका के खिलाफ मामला हुआ दर्ज
पीड़ित छात्रा के अभिभावकों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में विज्ञान शिक्षिका अनामिका के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने जानकारी दी कि शिक्षिका ने छात्रा को कई बार थप्पड़ मारे और कॉपी के कोने से प्रहार किया। जांच में आरोप सही पाए गए हैं और छात्रा का मेडिकल कराया गया, जिसमें आंख में सूजन और कान से खून आने की बात सामने आई। इस आधार पर शिक्षिका के खिलाफ धारा 115(2) और 82 के तहत कार्रवाई की गई है।
“मामले में विद्यार्थी परिषद ने घटना को गंभीर बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।”
एबीवीपी जिला संयोजक पीएन पांडेय ने कहा कि इससे पहले भी एक स्कूल में बच्चे को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया था, जिसमें संगठन को आंदोलन करना पड़ा था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो परिषद उग्र आंदोलन करेगा।






