रीवा 29 अगस्त 2024 को उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क सुपर स्पेशलिटी जांच एवं उपचार शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। इसके साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास की आवश्यकता है। रीवा में सुपर स्पेशलिटी हैस्पिटल, मेडिकल कालेज तथा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर की जा रही हैं। रीवा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का हब बनाया जाएगा। शासकीय क्षेत्र और निजी क्षेत्र के अस्पताल मिलकर रोगियों को बेहतर उपचार सेवाएं देंगे। हर व्यक्ति को समुचित शिक्षा और अच्छे स्वास्थ्य का अधिकार मिलने पर ही क्षेत्र में आर्थिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

रीवा में मुफ्त जांच शिविर का आयोजन जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा श्री अरविंदो अस्पताल इंदौर द्वारा मिलकर किया गया है।

उपचार से बेहतर है जांच कराकर बीमार होने से बचें
समारोह में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रोग के उपचार से बेहतर है कि समय पर जांच कराकर हम बीमार होने से बचें। उप मुख्यमंत्री ने कहा की रीवा में फरवरी माह में संभाग भर के एक लाख व्यक्तियों की कैंसर संबंधी जांच की गई। इनमें से 40 रोगी चिन्हित कर उन्हें समुचित उपचार दिया गया। मार्च माह में लगभग 50 हजार व्यक्तियों की स्वास्थ्य की जांच निःशुल्क की गई जिनमें बड़ी संख्या में विटामिन डी की कमी तथा खून की कमी के रोगियों को चिन्हित कर उन्हें उपचार दिया गया। रीवा में तीसरा शिविर अरविंदो अस्पताल के सहयोग से लगाया जा रहा है। इससे गंभीर रोगों से ग्रस्त मरीजों को निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। साथ ही अरविंदो अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों के मार्गदर्शन का लाभ मेडिकल कालेज और सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों को भी मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा की अरविंदो अस्पताल के संचालक डॉ विनोद भण्डारी ने स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए जो सुझाव दिए हैं उनको लागू करने के लिए मेडिकल कालेज के डीन प्रस्ताव बनाएं।
मुफ्त उपचार सुविधा महानतम कार्य – गुढ़ विधायक
समारोह में विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने कहा कि निःशुल्क उपचार की सुविधा समाजसेवा का सबसे महानतम कार्य है। उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से रीवा को स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में अनूठा उपहार मिला है। उप मुख्यमंत्री जी रीवा ही नहीं पूरे प्रदेश के विकास के सारथी हैं। समारोह में श्री अरविंदो अस्पताल के संचालक डॉ विनोद भण्डारी ने कहा कि रीवा में अरविंदो हॉस्पिटल का 75 वां शिविर लगाया जा रहा है।






