रीवा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक बार फिर अपराध पर शिकंजा कसते हुए शातिर अपराधी पृथ्वीराज सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विंध्य बिहार कॉलोनी में एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की थी।
शराब के लिए की अड़ीबाजी, मना करने पर हमला
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की विंध्य बिहार कॉलोनी निवासी क्षितिज तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी पृथ्वीराज सिंह ने रास्ते में रोककर शराब के लिए रुपयों की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए हमला कर दिया और मारपीट की।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता से बड़ी घटना टल गई।
नाबालिग उम्र से अपराध की दुनिया में सक्रिय
पुलिस जांच में सामने आया है कि पृथ्वीराज सिंह कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ सिविल लाइन, चोरहटा और कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास, लूट, अड़ीबाजी और मारपीट सहित 13 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
ताजा मामला उसका 14वां आपराधिक प्रकरण बताया जा रहा है।
हिस्ट्रीशीटर पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी किशोरावस्था से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। अब इस हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।






