रीवा जिले के संभागीय संजय गांधी अस्पताल में स्थानीय स्तर पर पूर्व में लोकल दवा की आपूर्ति करने वाले अन्नपूर्णा ड्रग हाउस के संचालक द्वारा सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा किए जाने के बाद, दलबल के साथ पहुंचे प्रशासनिक अमले ने अन्नपूर्णा ड्रग हाउस को सील कर दिया है। कार्यवाही को लेकर सीएमएचओ डॉक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि यह कार्यवाही मेडिकल स्टोर संचालक का वीडियो वायरल होने के बाद, कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर की गई है।
दरअसल गुरुवार की सुबह अन्नपूर्णा ड्रग हाउस उस वक्त सुर्खियां बन गया जब वहां के संचालक दलबीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल हुए इस वीडियो में अन्नपूर्णा ड्रग हाउस संचालक दलबीर ने चिकित्सकों और मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच चल रहे कमीशन के खेल, दवाइयों की गुणवत्ता, और नकली दवाइयों को लेकर एक बड़ा खुलासा कर दिया। इसके साथ ही संजय गांधी अस्पताल में पूर्व दवाई आपूर्तिकर्ता ने अस्पताल के चिकित्सक का नाम भी लेते हुए उसे व्यापक भ्रष्टाचार में लिप्त बताया। ड्रग हाउस संचालक का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद महकमें की किरकिरी होती देख, जिला कलेक्टर ने मेडिकल स्टोर को सील करने का फरमान जारी कर दिया।
वहीं वायरल वीडियो के अन्य पहलुओं को लेकर सीएमएचओ डॉक्टर संजीव शुक्ला ने सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए। मामले में जांच का राग अलापा है।






