रीवा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की है। रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। और उनके पास से लाखों रुपए की कफ सिरप और दो वाहन जब्त किए हैं।
रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर थाना क्षेत्र के बुढ़िया टिकैता टोला रोड पर घेराबंदी कर दो अलग-अलग कारों में तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सीधी जिले के राहुल सिंह और उत्कर्ष द्विवेदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो कारों में रखी कुल तेईस सौ चौदह शीशी नशीली आनरेक्स कफ सिरप जब्त की, जब्त की गई नशीली कफ सिरप और तस्करी में इस्तेमाल दोनों कारों होंडा डब्लू-आर-व्ही और वैगनआर की कुल कीमत लगभग साढ़े सोलह लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। रीवा पुलिस की इस कार्यवाही को नशे के अवैध कारोबार पर एक बड़ी चोट माना जा रहा है।






