रीवा में महिला की फांसी के फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटकती मिली लाश के बाद माहौल गरमा गया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए मृतका से जुड़े हुए लोगों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्याह के बाद से ही किया जा रहा था प्रताड़ित
पूरा मामला लालगांव पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सोरहिया का बताया गया है। घटना को लेकर मृतका ज्योति तिवारी के भाई पंकज दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2015 में उनके बहन का ब्याह उमेश तिवारी से हुआ था दोनो के एक 7 वर्ष का बेटा जबकि दूसरा ढाई वर्ष का बेटा है। पंकज ने बताया कि बीते 6 वर्ष से उनकी बहन ज्योति को पति उमेश तिवारी सहित सास ससुर और देवर द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और तलाक देने की भी बात कही जा रही थी। बहन के ऊपर पति सहित ससुराल पक्ष के द्वारा झाड़ फूंक कराए जाने का आरोप लगाया जाता था।
मृतका के भाई ने बताया
पंकज के मुताबिक बीती रात तकरीबन 8 बजकर 52 मिनट पर उनकी बहन ज्योति का फोन आया था। 13 मिनट हुई बातचीत के दौरान ज्योति ने पति सास ससुर और देवर द्वारा प्रताड़ित किए जाने और तलाक देने की बात कही थी। इस दौरान पंकज ने अपनी बहन को समझाइश भी दी थी। लेकिन फोन कटने के कुछ ही मिनट बाद उन्हें बहन द्वारा घर के पीछे बाड़ी के अंदर लगे आम के पेड़ में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना दी गई। भाई ने पति सास ससुर और देवर पर बहन को प्रताड़ित करने सहित हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने किसी भी तरह की प्रताड़ना से इंकार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने ने बताया कि फिलहाल पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद जांच की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।






