रीवा में दुष्कर्म के मामले में चार माह से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने पुलिस ने अनोखा तरीका अपनाया और जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकडने के लिए सेमरिया थाने की पुलिस बाराती बनकर सीधी जिले के रामपुर नैकिन पहुंची। जहां आरोपी बारात में मुंह बांधकर डांस कर रहा था उसी दौरान बाराती बनकर रीवा से गई पुलिस ने उसे पकड़कर लिया और थाने ले आई।
26 दिसंबर 2024 को सेमरिया थाना क्षेत्र मे रहने वाली नाबालिग ने झलवार गांव निवासी विनीत बुनकर के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की थी। सेमरिया थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना हुई लेकिन इससे पहले ही वह फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीम आरोपी को पता लगाने के लिए अपने खुफिया तंत्र और सायबर टीम की मदद ले रही थी, मगर आरोपी बार-बार राज्य बदलकर चकमा दे रहा था। 20 अप्रैल को एक बार फिर पुलिस आरोपी को ट्रेस करने मे कामयाब हुई। इस बार पुलिस को आरोपी के रीवा से सटे सीधी जिले में स्थित रामपुर नैकिन मे होने की लोकेशन प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस कर्मियों की टीम मौके के लिए रवाना हुई, रामपुर नैकिन पहुंचकर पुलिस ने मुखबिर को सक्रिय किया। मुखबिर से पता चला कि आरोपी एक बारात में शामिल है और बारातियों संग वह डांस कर रहा है। जिसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम में पुलिस टीम सिविल ड्रेस में बाराती बनकर पहुंच गई। पुलिस ने बारात में डांस किया और जब आरोपी की पहचान हो गई तो झांसा देकर किनारे लेकर आए और गाड़ी में बैठाकर थाने ले आए। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। आरोपी घटना के बाद से पूणे व मुम्बई की तरफ घूम रहा था और रिश्तेदारी की बारात में आया था जहां पर वो पुलिस के बिछाए जाल में फंस गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया गया।






