रीवा नगर पालिक निगम में बजट के दौरान जमकर हंगामा हुआ, कांग्रेस और भाजपा पार्षदों की बीच झूमा झटकी हो गई। बजट के विरोध में भाजपा पार्षदों ने अर्थी निकाली तो कांग्रेस पार्टी के पार्षदों ने गंगाजल से शुद्धिकरण किया। भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस की शहर सरकार पर महापुरुषों के अपमान करने का आरोप लगाया है। पार्षदों के विरोध के बाद बैठक एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है।
मामला नगर पालिक निगम रीवा का है, यहां महापौर कांग्रेस पार्टी से है जबकि अध्यक्ष भाजपा का है। बुधवार को कांग्रेस पार्टी की अगुआई में नगर पालिक निगम का बजट रवि तिवारी ने पेश किया। इस पर चर्चा होनी थी लेकिन भाजपा पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया, और देखते ही देखते नगर निगम का हॉल जंग का अखाड़ा बन गया, और जमकर नारेबाजी होने लगी। भाजपा और कांग्रेसी पार्षद आमने सामने आ गए, भाजपा के पार्षदों ने विरोध जताया है कि देश के महापुरुषों का कांग्रेस सम्मान नहीं कर रही है। पार्षदों ने जमकर हंगामा किया, कुछ पार्षद हॉल में ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। इतना ही नहीं भाजपा पार्षदों ने बजट की अर्थी निकाल कर विरोध किया। इसके जवाब में कांग्रेसी पार्षदों ने नगर निगम का शुद्धिकरण करने के लिए गंगाजल का छिड़काव किया। महापौर अजय मिश्रा का आरोप है कि पार्षदों के पास कोई मुद्दा नहीं है, महापुरुषों के अपमान की बात कह रहे है लेकिन इनकी सरकार में महापुरुषों की प्रतिमा तक नहीं लगी है। लेकिन अब कांग्रेस का महापौर बनने के बाद प्रतिमाएं लगाई जा रही है उनका मान सम्मान किया जा रहा है, भाजपा के पार्षद इसे अपमान कह रहे है। जनता के बजट की अर्थी निकालना निंदनीय है।