रीवा संभागीय संजय गांधी अस्पताल में तीन दिन पूर्व मरीज के अटेंडर को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने चार कर्मचारियों को निलंबित किया है। साथ ही निलंबित कर्मचारी द्वारा अंजाम दी गई घटना की जांच करने के लिए एक टीम का भी गठन किया गया है। जो आगामी दो दिवस में अपना जांच प्रतिवेदन श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन को सौंपेगी, मामले के संबंध में जानकारी देते हुए संजय गांधी अस्पताल के प्रवक्ता डॉक्टर यत्नेश त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिवस पूर्व मरीज के परिजन के साथ की गई दुखद मारपीट की घटना में अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यह कार्यवाही की है।
गौरतलब है कि तीन दिवस पूर्व रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरगढ़ी गांव से फूलमती शुक्ला पैर में चोट लग जाने के कारण अपने बेटे देवेंद्र नाथ के साथ उपचार करने के लिए संजय गांधी अस्पताल आई थी। जहां डॉक्टर को दिखाने की जल्दबाजी में बार-बार एक्स -रे फिल्म की मांग करने पर रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट के चार कर्मचारियों ने बंधक बनाकर मारपीट की थी, इतना ही नहीं मारपीट करने वाले पैरामेडिकल स्टाफ ने मरीज के अटेंडर पर महिला पैरामेडिकल स्टाफ के साथ वदसलूकी करने के भी आरोप लगाए थे। जिसकी खबरें प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीज और उसके अटेंडर को अस्पताल से बाहर का रास्ता दिखाते हुए मामले को दबाने का प्रयास किया था।






