रीवा जिला कांग्रेस कमेटी ने नहर निर्माण के नाम पर एक अरब 80 करोड़ के भ्रष्टाचार का खुलासा किया है, कांग्रेस कमेटी ने जल संसाधन विभाग पर इस महा घोटाले का आरोप लगाया है और इसके संबंध में घोटाला करने वाले जिम्मेदारों से रिकवरी कराने सहित उनके खिलाफ कार्यवाही करने की मांग को लेकर, संभाग आयुक्त को ज्ञापन पत्र भी सौंपा है। कमेटी के सदस्य कुंवर सिंह ने बताया कि रीवा में जल संसाधन विभाग ने 1 अरब 80 करोड़ का महा घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि जल उपभोगता संस्थाओं के अध्यक्ष और सक्षम विभाग के अधिकारियों की मिली भगत से यह महा घोटाला किया गया है आरोप लगाते हुए कहा कि नहर और नहर की नालियों के निर्माण करने के नाम पर करोड़ों रुपए हजम कर लिए गए, जिसमें कुछ निर्माण कार्य तो कागजों में करा लिए गए। जबकि कुछ निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन कराए गए हैं,
उन्होंने बताया कि पूर्व में परियोजना प्रशासक की एक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई जिसमें रीवा संभाग के अंदर क्योंटी नहर रीवा, अपर पूर्वा नहर संभाग रीवा, लोअर नहर सिहावल संभाग, चुरहट पूर्वा नहर संभाग क्रमांक दो सतना, पक्का बांध संभाग देवलोंद और त्यौंथर नहर संभाग सिरमौर में घोटाले का जिक्र किया गया था। लेकिन उक्त रिपोर्ट पर आज तक कारवाई नही की गई, जिसे लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कमेटी के सदस्य कुंवर सिंह, पार्षद विनोद शर्मा और मुन्नू तिवारी ने संभाग आयुक्त को घोटाले की जांच कराए जाने सहित जिम्मेदारों से रिकवरी कराने और उनके खिलाफ कारवाई करने की मांग करते हुए ज्ञापन पत्र सौंपा है।






