रीवा में इन दिनों जहरीली शराब का कारोबार चल रहा है। पुलिस ने शनिवार को 10 लीटर यूरिया युक्त जहरीली शराब बरामद की है। सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी ने बताया कि आज मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राज साकेत नाम का युवक यूरिया वाली देसी महुआ की जहरीली शराब बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है।मुखबिर से प्राप्त सूचना के बाद पुलिस टीम को अलर्ट किया गया, जहां रेड कार्रवाई के लिए टीम भेजी गई। दबिश देकर राज साकेत को पकड़कर पुलिस अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राज साकेत पिता स्व. शंकर साकेत उम्र 20 वर्ष निवासी धोबिया टंकी वार्ड क्रमांक 28 थाना कोतवाली का रहने वाला है। जिसके खिलाफ पहले भी अवैध शराब की पैकारी के मामले पंजीबद्ध हैं।
आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर के प्लास्टिक के 2 डिब्बों में कुल 10 लीटर यूरिया युक्त देसी महुआ हाथ भट्टी से बनी जहरीली शराब को जब्त किया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 49 ए आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। जहां से आरोपी को जेल भेजा दिया गया है।
आबकारी विभाग पूरी तरह से विफल
पुलिस की इस कार्यवाही से आबकारी विभाग पर सवालिया निशान लग रहे हैं । पुलिस जहरीली शराब पकड़ रही है। तो आबकारी विभाग क्या कर रहा है। इलाके में जहरीली शराब बनाई जा रही है। और आबकारी विभाग को कानों कान खबर तक नही। अब देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस की इस कार्यवाही के बाद आबकारी विभाग क्या कदम उठाता है।






