फेसबुक और इंस्टाग्राम में खुद को पॉपुलर करने का नशा युवाओं में सिर चढ़कर बोल रहा है। सोशल साइड में फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में वह किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
फॉलोवर्स बढ़ाने हथियार का प्रदर्शन
रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने फेसबुक और इंस्टाग्राम में अपने फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल किया। वायरल वीडियो की जानकारी जैसे ही पुलिस को हुई तो पुलिस ने अवैध हथियार सहित आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि सगरा थाना क्षेत्र में रहने वाला शुभम सिंह उर्फ लकी ने अपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बना रखी है, जिसमें वह कई तरह की वीडियो डालता था। लेकिन फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उसने शॉर्टकट का रास्ता अपनाया और कुछ अलग करने की नीयत से उसने अवैध हथियार का प्रदर्शन कर डाला। फिलहाल युवक को यह रील बनाना महंगा साबित हुआ है। क्योंकि रील वायरल होते ही पुलिस के संज्ञान में आई और इस पर पुलिस ने एक्शन लेते हुए युवक को ना सिर्फ गिरफ्तार कर लिया, बल्कि अवैध हथियार को भी बरामद किया है।






