प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ में कई लोगों की मौत हो हो जाने के बाद, प्रयागराज में भीड़ और न बढ़े, इसलिए यूपी बॉर्डर से सटे जिलों में श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है। रीवा जिले के सोहागी से प्रयागराज तक वाहनों की काफी भीड़ लगी हुई है, जिले के आला अधिकारी मौके पर मौजूद है, और व्यवस्था बनाने में जुटे हुए है। श्रद्धालुओं को रीवा जिले के चाकघाट के पास रोक दिया गया है, इसी के चलते जाम की स्थिति बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है। एक ओर जहां प्रयागराज में भगदड़ के दौरान हुए बड़े हादसे के चलते अव्यवस्था फैल गई थी, वहीं दूसरी ओर रीवा प्रयागराज हाईवे पर भारी जाम की स्थिति निर्मित है। हालत यह है कि बीते कई घंटे से वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम से गए हैं, जिसके चलते श्रद्धालु गंगा स्नान करने नहीं पहुंच पा रहे हैं। आज मौनी अमावस्या के चलते महाकुंभ में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ा है, जिसके चलते प्रशासन द्वारा लोगों के आवागमन और स्नान के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई थी। लेकिन इस बीच रीवा जिले के सोहागी से लेकर प्रयागराज तक सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई है, जिसके चलते श्रद्धालु बीते 6 से 8 घंटे से एक ही स्थान पर रुके हुए हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अमला मिलकर आवागमन को सुचारू रूप से संचालित करने का लगातार प्रयास कर रहा है, और किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न हो इसकी व्यवस्था की जा रही है।






