रीवा। हरिजन एक्ट में फंसाए गए कुशवाहा परिवार की एक महिला ने शनिवार की अल सुबह फांसी के फंदे पर झूल कर अपने जीवन लीला समाप्त कर ली, महिला द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम का यह मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलखन गांव के नेबूहा टोला का बताया जा रहा है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए मृतका के बेटे सुमित कुशवाहा ने बताया कि कई वर्षों पूर्व उसके पिता इंद्रभान का देहांत हो चुका है। इसके बाद वह और उसकी मां मजदूरी करके अपना भरण पोषण करते थे, लगभग 6 महीने पूर्व मथुरा साकेत और उसके परिवार ने उनके विरुद्ध बैकुंठपुर थाने में जाकर हरिजन एक्ट का मामला दर्ज कर दिया, मामला दर्ज होने के बाद साकेत परिवार मुकदमा कटवाने के लिए उसकी मां से पैसे की डिमांड करने लगे। जिससे तंग आकर युवक की मां ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया, बहरहाल मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बैकुंठपुर पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर पीएम के लिए सिविल हॉस्पिटल सिरमौर भेजा है। वहीं पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।






