मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में स्वास्थ्य विभाग का अमानवीय चेहरा नजर आया है। यहां आदिवासी बहुल इलाके में जमीनी विवाद को लेकर हुई झड़प में घायल शख्स को इलाज के लिए गाड़ा-सरई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसने दम तोड़ दिया, मौत के बाद उसकी 5 महीने की गर्भवती पत्नी से बेड पर लगे खून को साफ कराया गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ शिवराज एवं रामराज को इलाज के लिए गाड़ा सरई के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान शिवराज की मौत हो गई थी। घायल शिवराज को इलाज के लिए जिस बेड पर लिटाया गया था वह खून से सन गया था। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों के द्वारा मृतक की पांच महीने की गर्भवती पत्नी रोशनी से बेड को जब साफ कराया जा रहा था उसी दौरान किसी ने अपने फोन से इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
वहीं वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।






