Raipur स्थित पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ, संत शदाणी नगर में शिव अवतारी सतगुरु संत शदाराम साहिब हजूरी जी के सातवें अवतार सतगुरु संत स्वामी राजाराम साहिब जी का 66वां वर्सी महोत्सव 10 से 13 मार्च 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
यह भव्य आयोजन सतगुरु संत गोबिंदराम साहिब जी की कृपा से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है।
महोत्सव के दौरान दरबार तीर्थ में प्रतिदिन अखण्ड भंडारा, भजन-कीर्तन, सत्संग और संतों के प्रवचन आयोजित होंगे। देशभर से कई संत-महात्मा और विद्वान इस पावन अवसर पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से दरबार तीर्थ पहुंचकर सत्संग, सेवा और दर्शन का लाभ लेने की अपील की है।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां
10 मार्च (मंगलवार):
सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक हवन यज्ञ, दोपहर में धार्मिक कार्यक्रम तथा रात 8 बजे से धर्म ग्रंथों का अखण्ड पाठ और भजन-कीर्तन होगा।
11 मार्च (बुधवार):
सुबह संतों के प्रवचन और सत्संग, शाम 5 से 8 बजे तक मातृ शक्ति द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। रात में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
12 मार्च (गुरुवार):
दिनभर संतगणों के प्रवचन होंगे। शाम को अखिल भारतीय शदाणी सेवा मंडल की बैठक तथा रात में भोग साहिब, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
13 मार्च (शुक्रवार):
दोपहर 12 बजे पल्लव साहिब के साथ महोत्सव का विधिवत समापन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार, इसी वर्सी महोत्सव का आयोजन 30, 31 मार्च और 1 अप्रैल 2026 को Amravati स्थित पूज्य शदाणी दरबार में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा।
शदाणी दरबार का यह वार्षिक महोत्सव सबसे बड़ा धार्मिक उत्सव माना जाता है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर संतों के दर्शन कर सत्संग का लाभ प्राप्त करते हैं।






