रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मडरहा से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बहन से छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मिलकर दिनदहाड़े युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
छेड़छाड़ का किया था विरोध, तभी से रच रहे थे साजिश
घायल युवक भूपेंद्र यादव के भाई रईस यादव निवासी ग्राम मडरहा ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उनकी छोटी बहन से छेड़छाड़ की थी। इस हरकत का भूपेंद्र ने खुलकर विरोध किया था। उसी दिन से आरोपी उसे जान से मारने की फिराक में घूम रहे थे। परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत पहले ही सेमरिया थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। यदि समय रहते कदम उठाया जाता तो आज यह खूनी वारदात नहीं होती।
खेत में घेरकर किया हमला
रईस यादव के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे भूपेंद्र खेत की ओर गया था। तभी पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से ज्यादा युवक वहां पहुंच गए और उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भूपेंद्र की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में भूपेंद्र को तत्काल रीवा लाया गया और संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
परिजनों ने सेमरिया पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पहले की शिकायत पर यदि कार्रवाई होती तो आरोपियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज हमले में कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाती है।






